IPL में खेले गए मुंबई और चेन्नई के बीच का मैच बेहद रोमांचक रहा। आखिरी ओवर में CSK को जीत के लिए 17 रनों की जरूरत थी। लास्ट बॉल तक चले इस मैच में CSK के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने अंतिम गेंद पर चौका लगाकर जीत दिलाई। यह मैच चेन्नई की टीम ने 3 विकेट से जीत लिया। जीत से टीम के मौजूदा कप्तान रवींद्र जडेजा बहुत खुश नजर आए। उन्होंने धोनी को झुककर मैदान पर सलाम किया। साथ ही टीम के खिलाड़ी अंबाती रायुडू ने भी मैच के बाद धोनी का शुक्रिया अदा किया।
13 गेंदों में माही ने बनाए 28, सिक्स भी लगाया
एमएस धोनी ने इस मैच में 13 गेंदें खेल कर 28 रन बनाए। इस पारी में धोनी ने 3 चौके और 1 छक्का भी लगाया। एक समय असंभव लग रही जीत को धोनी ने आखिरी की 4 गेंद में 16 रन बनाकर संभव कर दिखाया। धोनी ने अपना फिनिशर वाला वही रूप दिखाया, जिसके लिए वो जाने जाते है। इस जीत की खुशी में टीम के कप्तान रवींद्र जडेजा मैदान पर झुककर एमएस धोनी को सम्मान देते नजर आए।
धोनी ने IPL शुरू होने से पहले इस बार रांची में काफी अभ्यास किया है और वह उनके खेल में नजर भी आ रहा है। इस सीजन के पहले ही मैच में धोनी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 38 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए थे। IPL 2022 की 6 पारियों में उन्होंने 60 की औसत से 120 रन बनाए हैं। इस दौरान वह 4 बार नॉट-आउट भी रहे। चेन्नई की 7 मैचों में ये दूसरी जीत है। टीम को 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। फिलहाल पॉइंट्स टेबल पर CSK 4 अंकों के साथ 9वें पायदान पर मौजूद है।
अंतिम ओवर का पूरा घटनाक्रम
19 ओवर के बाद CSK का स्कोर 139 रन था और बीसवें ओवर के लिए गेंद जयदेव उनादकट के हाथ में थी। चेन्नई को जीत के लिए 17 रनों की दरकार थी।
19.1: ओवर की पहली ही गेंद पर उनादकट ने प्रिटोरियस को LBW आउट किया। ये विकेट मुंबई को DRS पर मिला। अब ड्वेन ब्रावो बैटिंग के लिए आए।
19.2: दूसरी गेंद पर ब्रावो ने डीप स्क्वायर लेग की ओर फ्लिक किया और सिंगल निकाला।
19.3: अब धोनी स्ट्राइक पर थे... तीसरी गेंद पर उन्होंने साइट स्क्रीन की ओर कमाल का सिक्स लगाकर मुकाबले में जान फूंक दी।
19.4: चौथी गेंद पर एमएस ने शॉर्ट फाइन लेग पर चौका लगाया।
19.5: 5वीं गेंद उनादकट ने मिडिल स्टंप पर यॉर्कर डाली, जिस पर माही ने डीप स्क्वायर लेग की ओर फ्लिक किया तेजी से दौड़कर 2 रन चुराए। अब चेन्नई को 1 गेंद पर 4 रन चाहिए थे।
19.6: आखिरी गेंद पर धोनी ने डीप स्क्वायर लेग पर चौका लगाकर CSK को यादगार जीत दिलाई।